IPL 2025 Qualification Scenarios for MI and DC: आज IPL 2025 का 63वां मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से महत्वपूर्ण है. मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मैच में बारिश की संभावना है, इसलिए फैंस के मन में सवाल है कि अगर बारिश के कारण मैच रद्द हो जाएगा तो इसका असर क्या पड़ेगा. क्योंकि अब आईपीएल प्लेऑफ की दौड़ में सिर्फ मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स ही बची है.
गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स अपना प्लेऑफ का टिकट कन्फर्म कर चुकी है. जबकि 5 टीमें (CSK, RR, SRH, LSG और KKR) दौड़ से बाहर हैं. अब मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच प्लेऑफ की लड़ाई है. और आज वानखेड़े में इन दोनों के बीच ही भिड़ंत है.
अगर मुंबई इंडियंस दिल्ली कैपिटल्स को हरा दे तो
अगर आज होने वाले मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हरा दिया तो हार्दिक पांड्या एंड टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर लेगी. दिल्ली कैपिटल्स का सफर खत्म हो जाएगा.
अगर दिल्ली कैपिटल्स मुंबई इंडियंस को हरा दे तो क्या होगा?
अगर आज दिल्ली कैपिटल्स मुंबई इंडियंस को हरा दे तो आज कोई भी टीम प्लेऑफ में जगह पक्की नहीं करेगी, लेकिन मुंबई इंडियंस की मुश्किल बढ़ जाएगी. अभी दिल्ली के 12 मैचों के बाद 13 अंक हैं, जीतकर उसके 15 अंक हो जाएंगे. अगला मैच टीम का पंजाब किंग्स के साथ है, उसे जीतकर दिल्ली के 17 अंक हो जाएंगे और वह प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी जबकि अगर मुंबई अपना आखिरी मैच जीत भी जाए तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
अगर दिल्ली आज मुंबई को हरा दे तो भी मुंबई इंडियंस के पास प्लेऑफ में जाने का रास्ता होगा. इसके लिए उसे चाहिए होगा कि दिल्ली कैपिटल्स अपना अगला मैच पंजाब किंग्स से हार जाए और मुंबई अपने अगले मैच में पंजाब को हरा दे. ऐसी स्थिति में दिल्ली के 15 अंक ही रहेंगे और मुंबई के 16 अंक हो जाएंगे.
अगर MI बनाम DC मैच बारिश के कारण रद्द हो गया तो कौन सी टीम क्वालीफाई करेगी?
मुंबई में आज बारिश की संभावना है, इसके लिए मौसम विभाग ने शहर में येलो अलर्ट भी जारी किया है. अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिल जाएंगे. इस स्थिति में मुंबई के 15 अंक हो जाएंगे और दिल्ली के 14 अंक.
फिर दिल्ली को क्या चाहिए- बारिश के कारण मैच रद्द हुआ तो अक्षर पटेल एंड टीम को अगले मैच में पंजाब किंग्स को हराना होगा, लेकिन इतना ही काफी नहीं होगा. क्योंकि ऐसा हुआ भी और मुंबई अगले मैच में पंजाब को हरा दे तो दिल्ली का सफर खत्म हो जाएगा. क्योंकि दिल्ली के 16 और मुंबई के 17 अंक हो जाएंगे, इसलिए दिल्ली को चाहिए होगा कि वो पंजाब को हराए और पंजाब मुंबई को हराए.
बारिश से रद्द होने के बाद मुंबई इंडियंस का प्लेऑफ में पहुंचने का गणित- दिल्ली अगर अपने अगले मैच में हार जाए तो उसका सफर 14 अंकों के साथ ही खत्म हो जाएगा, जबकि मुंबई के पहले ही 15 अंक होंगे तो वह सीधा क्वालीफाई कर जाएगी. लेकिन अगर दिल्ली पंजाब को हरा देती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे. ऐसे में मुंबई को अपना आखिरी मैच जीतना होगा.